
बिहपुर, बुधवार: महागठबंधन के आह्वान पर बिहपुर, खरिक और नारायणपुर प्रखंडों में केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों के विरोध में सफल और शांतिपूर्ण बंद का आयोजन किया गया। बिहपुर में महागठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रखंड मुख्यालय से जोरदार नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। बंद समर्थकों की अपील पर स्थानीय दुकानदारों ने स्वेच्छा से अपनी दुकानों को बंद कर समर्थन दिया।
बिहपुर स्टेशन गोलंबर से लेकर मुख्य बाजार तक पुलिस और रेल पुलिस की सजग मौजूदगी रही, जिससे किसी भी अप्रिय घटना की आशंका समाप्त रही। बंद पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित माहौल में सम्पन्न हुआ।
महागठबंधन के नेताओं ने अपने भाषण में केंद्र व राज्य सरकार पर मतदाता पुनरीक्षण की आड़ में गरीबों, मजदूरों और आम नागरिकों को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित करने का आरोप लगाया। उन्होंने एनपीआर और एनआरसी को बिहार में लागू करने के प्रयासों का भी विरोध करते हुए इसे संविधान विरोधी करार दिया और कहा कि इसे किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा।

नारायणपुर में राजद जिला उपाध्यक्ष छत्तीस यादव, अमन कुमार और केदार शर्मा के नेतृत्व में बंद सफल रहा। वहीं बिहपुर में किशोर सिंह यादव, अशोक दास और अमरेंद्र सिंह निषाद ने नेतृत्व किया। खरिक में सुबोध यादव, लालू अभिषेक और राजीव यादव ने बंद को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
राजद नेता अबनीश कुमार बिहपुर और खरिक दोनों स्थानों पर सक्रिय भूमिका में नजर आए।





