राज्य

भागलपुर सांसद अजय मंडल का महागठबंधन प्रत्याशी के प्रचार का वीडियो वायरल

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें भागलपुर के जदयू सांसद को बिहपुर विधानसभा के काजीकोरैया क्षेत्र में चुनाव प्रचार करते देखा जा रहा है.बताया जा रहा है कि प्रचार के दौरान जैसे ही भाजपा कार्यकर्ताओं की एक टोली “कुमार शैलेंद्र जिंदाबाद” के नारे लगाते हुए उनकी ओर बढ़ती है, सांसद अचानक मुड़कर पास ही स्थित एक घर के भीतर चले जाते हैं. यह वीडियो अब जिले की राजनीतिक सरगर्मियों का केंद्र बन गया है और एनडीए के बीच आरोप-प्रत्यारोप का नया दौर शुरू हो गया है.वायरल वीडियो के सामने आने के बाद बिहपुर के भाजपा विधायक कुमार शैलेंद्र ने फेसबुक पर चुटकी लेते हुए लिखा— “सांसद जी आपका वीडियो बन गया है।” उनके इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया.विधायक के मीडिया सेल प्रभारी ने भी उक्त वीडियो शेयर करते हुए लिखा— “भाजपा कार्यकर्ताओं का नारा सुनते ही जदयू सांसद का छिप जाना, इस बात का प्रमाण है कि वे महागठबंधन प्रत्याशी के प्रचार में जुटे हैं.अफवाह नहीं, अब तस्वीरें बोल रही हैं.”बिहपुर विधायक ने पहले से ही कई सार्वजनिक मंचों पर यह आरोप लगाया है कि जदयू सांसद महागठबंधन के उम्मीदवार के पक्ष में गुप्त रूप से प्रचार कर रहे हैं. विधायक ने कहा कि वे पहले दिन से यह बात कहते आ रहे हैं कि सांसद रात्रि के अंधेरे में “मुंह छिपाकर” प्रचार करने पहुंचते हैं और अब यह वीडियो उसी की पुष्टि करता है.उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले की जानकारी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को दे दी गई है और उच्च नेतृत्व से निर्देश की प्रतीक्षा की जा रही है.इस बीच, वीडियो को लेकर आम जनता में भी उत्सुकता बढ़ गई है. कई लोग इसे राजनीतिक नौटंकी बता रहे हैं तो कुछ इसे सच्चाई का पर्दाफाश मान रहे हैं. फेसबुक और व्हाट्सएप ग्रुप्स में यह वीडियो बड़ी तेजी से शेयर किया जा रहा है.हालांकि, प्रभात खबर इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है. वीडियो की प्रामाणिकता और घटनाक्रम की सच्चाई की स्वतंत्र जांच अभी बाकी है.लेकिन यह निश्चित है कि इस एक वायरल क्लिप ने भागलपुर की सियासत को अचानक गर्मा दिया है और आने वाले दिनों में इसके राजनीतिक निहितार्थ और गहराने की पूरी संभावना है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button